पुलिस ने दबोचे 4 शातिर टप्पेबाज, 14 लाख के आई फोन किए बरामद
गोपेश्वर। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के कीमती सामान पर हाथ साफ कर बदरीनाथ में डाका डालने की फिराक में एक अंतर्राज्यीय गिरोह को चमोली पुलिस ने धर दबोचा कर शातिर जेब कतरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व अपनी जेब भरने की फिराक में थे। समय रहते बदरीनाथ पुलिस और एंटी थेप्ट स्वाइड की टीम ने इन शातिर जेब कतरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। उनके अनुसार बदरीनाथ पुलिस को गोपनीय सूचना मिली की एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह भीड़ में खुल मिल कर तीर्थयात्रियों का ध्यान भटका कर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहा है। खासकर यह गिरोह स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय था। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चंद्र ने सोमवार को कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर दी कि उनकी आईडी, डीएल, पैनकार्ड, एटीएम और दस हजार रूपये गर्भगृह में दर्शन के दौरान चोरी हो गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक एंटी थेप्ट स्वाइड टीम का गठन किया गया। इस मामले में अधीनस्थों को आदेश दिए गए कि ऐसे गिरोह पर नकेल कसने के लिए मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस का भी उपयोग किया जाना चाहिए। पुलिस टीम ने सर्विलांस की सटीक सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को चिह्नित करते हुए घेराबंदी की हनुमान चट्टी के पास दो संदिग्ध वाहनों को रोक कर तलाशी ली गई तो अभियुक्तों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के कुल 13 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा आरोपी के पास से 58860 रुपये की नगदी भी बरामद की गई। यह राशि चोरी की वारदातों से जुटाई गई थी। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त किए गए दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया।
एसपी पंवार ने बताया कि पुछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि बरामद किए गए फोन इन शातिरों ने केदारनाथ धाम से चुराए थे। इनमें से एक आई फोन 15 प्रो मैक्स के संबंध में रूद्रप्रयाग जनपद के सोनप्रयाग थाने में मुकदमा भी दर्ज है। केदारनाथ धाम में वारदातों के अंजाम देने के बाद यह गिरोह बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की जेब काटने की फिराक में था। वह किसी और श्रद्धालु को शिकार बनाते की बदरीनाथ पुलिस ने उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पंजाब के मोर मंडी थाने के वाल्मिकी मौहल्ला निवासी कृष्ण कुमार, मोर मंडी भटिंडा निवासी दिया, राजस्थान के भरतपूर जिले के नगरासवाई गांव के सुनील कुमार तथा राजस्थान के ही अलवर जिले के पूरगांव निवासी ललित कुमार शामिल हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नवनीत सिंह, एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट, मानवेंद्र गुंसाई, सरोज नौटियाल, एसओजी प्रभारी सतेंद्र बुटोला, एएसआई भूपेंद्र प्रसाद समेत तमाम पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक पंवार ने बताया कि जिस किसी व्यक्ति के मोबाइल फोन खोए है। वे चित्रों के माध्यम से पहचान कर सकते हैं। बरामद फोन प्राप्त करने के लिए वैद्य दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई के पश्चात फोन वापस किए जाएंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि भीड़ भाड वाले क्षेत्रों में वे अपने कीमती सामान का खास ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पास में तैनात पुलिसकर्मी या सहायता केंद्र को दें। कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पुलिस का पहली प्राथमिकता है।
केदारनाथ धाम में चोरी के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड
