बदरीनाथ के कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं होंगी चाक चैबंदःडीएम

बदरीनाथ के कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं होंगी चाक चैबंदःडीएम

कामर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही चुनौतियों का होगा समाधान
गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा है कि बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व यात्रा की सभी व्यवस्थाएं चाक चैबंद हो जानी चाहिए।
चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर अधिकारियों तथा स्टेक होल्डर के साथ बैठक में डीएम ने कहा कि बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक चैबंद हो जानी चाहिए। इससे तीर्थयात्रियों को सुगम तथा सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बारिश तथा कामर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही चुनौतियों को देखते हुए कहा कि जिला प्रशासन राज्य सरकार के साथ निरंतर समन्वय बनाकर काम कर रहा है। पूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कामर्शियल गैस की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कामर्शियल सिलेंडर वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी करने को भी कहा। उनका कहना था कि डीजल, पेट्रोल एवं खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएंगी।
डीएम गौरव कुमार ने एनएच, बीआरओं एनएचआईडीसीएल को चारधाम यात्रा मार्गों के सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मलबा निस्तारण और वैकल्पिक मार्गों को व्यवस्थित करने पर बल दिया। उन्होंने यात्रा मार्गों एवं मेडिकल हेल्थ पोस्टों, बिजली, पेयजल, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से सुचारू करने को कहा।
नगर निकायों एवं पंचायत क्षेत्रों को साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा खुले में कूड़ा डालने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को चारधाम क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने एवं बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर बल देते हुए उनका कहना था कि इससे स्थानीय लोगों व तीर्थयात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पर्यटन विभाग को यात्रा रजिस्ट्रेशन के साथ नगर निकायों के साथ समन्वय से उपयुक्त स्थानों पर जूता स्टैंड स्थापित करने पर बल देते हुए डीएम ने डीओ पीआरडी को जवानों की स्किल के अनुसार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि आवश्यकतानुसार तैनाती दी जा सके। जल संस्थान को प्रमुख स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित करने पर बल देते हुए बदरीनाथ धाम में सीवर व्यवस्था को चाक चैबंद करने को कहा गया। पेयजल व्यवस्था को लेकर विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एआरटीओ को पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अवैध रूप से संचालित प्राइवेट वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन के लिए जनपद में कमेडा से बदरीनाथ धाम तक के मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती करने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ, तीर्थ पुरोहित एवं टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *