गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सेना के भूमि अधिग्रहण एवं वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों में तेजी लाने पर जोर दिया है।
भूमि अधिग्रहण एवं वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए डीएम ने राजस्व विभाग, वन विभाग, बीआरओ एवं एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों की बैठक में एसडीएम ज्योतिर्मठ को वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने तथा सुराईठोठा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिग्रहण प्रकरण के अंतर्गत जोशीमठ-मलारी एवं कुरकुती-गमशाली मोटर मार्ग से संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई करने को कहा। 75 आरसीसी पीपलकोटी एवं 66 आरसीसी गौचर के भूमि अधिग्रहण प्रकरणों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम गौरव कुमार ने डीएफओ नंदादेवी को एसडीएम के साथ समन्वय स्थापित कर वन भूमि से संबंधित सभी मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने तथा एनएचआईडीसीएल को मलबे के समुचित निस्तारण, यात्रा से पूर्व सड़कों के चैड़ीकरण एवं मुआवजा संबंधी लंबित मामलों को निस्तारित किये जाने पर जोर दिया।
इस दौरान नंदादेवी नेशनल पार्क के डीएफओ अभिमन्यु, ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, कर्णप्रयाग के एसडीएम सोहन सिंह रांगण, बीआरओ से मेजर विवेक सोनी, एनएचआईडीसीएल से अंकित सिंह राणा समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
