गड्ढा मुक्त सड़कों को 15 अक्टूबर तक की डेडलाइन: डीएम

गड्ढा मुक्त सड़कों को 15 अक्टूबर तक की डेडलाइन: डीएम

गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनपद की सभी सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त किया जाएगा। सड़क निर्माण एजेंसियां आपसी समंवय से इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करेंगी।
मंगलवार को जनपद में संचालित गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम गौरव कुमार ने सभी संबंधित सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को सभी सड़क एजेंसियों के साथ नियमित रूप से अभियान की प्रगति की मॉनिटरिंग करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगी और निर्धारित समय सीमा से पहले लक्ष्य को पूरा करना सुनिश्चित करेंगी।
बैठक में डीएम ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, 75 आरसीसी, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचआईडीसीएल, 123 आरसीसी एवं 66 आरसीसी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मौजूदा स्थिति, गड्ढा मुक्त किए जाने वाले मार्गों का लक्ष्य तथा उपलब्ध मानव संसाधन, मशीनरी एवं अन्य संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम गौरव कुमार ने कहा कि अभियान के तहत आबादी बहुल क्षेत्रों, प्रमुख संपर्क मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं अधिक आवागमन वाले मार्गों को प्राथमिकता देते हुए सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढा मुक्त करने का कार्य किया जाना चाहिए। इससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने नगर निकायों को भी अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों की स्थिति का आकलन करते हुए गड्ढा मुक्त अभियान के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा। उनका कहना था कि सभी सड़क एजेंसियां नियमित निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखेंगी। निर्धारित अवधि में अभियान को प्रभावी रूप से पूर्ण करने पर सबका जोर रहेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता तनुज कम्बोज समेत संबंधित विभागों एवं सड़क एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *