जनता मिलन कार्यक्रम में 17 शिकायतों पर हुई सुनवाई

जनता मिलन कार्यक्रम में 17 शिकायतों पर हुई सुनवाई

गोपेश्वर। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चमोली राज कुमार पाण्डेय ने की। इस दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनते हुए कुल 17 शिकायतों पर सुनवाई की गई।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान रविग्राम, ज्योतिर्मठ निवासी वैभव सकलानी ने भू-धंसाव क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों के संबंध में शिकायत रखी। इस पर उपजिलाधिकारी ने समिति गठित कर निर्माण कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए।
डुंगरी निवासी अर्जुन सिंह ने नल जल मित्र के रूप में किए गए कार्य के मानदेय भुगतान का मामला उठाया। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गोपेश्वर के मंदिर मार्ग निवासी शांता देवी ने मकान में पानी के रिसाव से हो रही परेशानी से अवगत कराया। इस पर उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका को समस्या के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *