गोपेश्वर। बद्रीनाथ धाम में कोलकाता के श्रद्धालु के खोए 6.5 लाख के बे्रसलेट को पुलिस ने खोज निकाला। इससे श्रद्धालु की खुशी का ठिकाना न रहा।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी मदन मोहन केरल अपने परिवारजनों के साथ भगवान बद्रीनाथ के दर्शन के लिए बदरीनाथ धाम आए थे। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर की सीढ़ियों पर उनका करीब 5 तोले का सोने का ब्रेसलेट कहीं गुम हो गया। इसकी कीमत करीब 6.5 लाख रुपये थी। कीमती ब्रेसलेट खोने से श्रद्धालु बेहद परेशान हो गए और तत्काल पुलिस के पास पहुंचे। उनकी परेशानी को समझते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य माध्यमों से तलाश करनी शुरू की।
पुलिस टीम की मेहनत, तत्परता और लगातार किए गए प्रयासों के चलते कुछ ही समय में लाखों रुपये कीमत का ब्रेसलेट मिल गया। आवश्यक सत्यापन के बाद उसे उसके वास्तविक स्वामी मदन मोहन केरल के सुपुर्द कर दिया गया। खोई हुई अमानत वापस मिलते ही श्रद्धालु के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना की। पुलिस टीम में हेड़ कांस्टेबल अरूण गैरोला व दिवाकर सती, कांस्टेबल शीशपाल, गौरव रावत, विकास राणा व आदर्श रमोला शामिल रहे।
पुलिस ने 6.5 लाख के बे्रसलेट को खोज निकाला
