पोखरी। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा प्रोजेक्ट-2026 के तहत विकासखंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र राणा, तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग वन क्षेत्राधिकारी बीएल शाह तथा खंड शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि वीरेंद्र राणा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषय आज की पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन संदेशों को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने कहा कि किशोर अवस्था जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस उम्र में विद्यार्थियों को सही जानकारी और जागरूकता मिलना जरूरी है। सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को सजग रहना चाहिए।वन क्षेत्राधिकारी बीएल शाह ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे से जुड़े हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। खंड शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ नेतृत्व, अभिव्यक्ति और टीम भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम में लोकनृत्य, रोल प्ले, पोस्टर तथा समूह चर्चा प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक समानता, पारस्परिक संबंध, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिकता, किशोरावस्था, साइबर क्राइम और ऑनलाइन गेमिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।
लोकनृत्य प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज आली ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी ने द्वितीय तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सौडामंगरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रोल प्ले में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्वीठी प्रथम, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा चांदनीखाल द्वितीय तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ तृतीय रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सौडामगरा प्रथम, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ द्वितीय तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा चांदनीखाल तृतीय रहा।समूह चर्चा प्रतियोगिता में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ ने प्रथम, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्वीठी ने द्वितीय तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस दौरानं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ज्ञानी लाल सैलानी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की समन्वयक कल्पना, ब्लॉक समन्वयक लता कोहली समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
