सेवा संकल्प अभियान: पर विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

सेवा संकल्प अभियान: पर विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

गोपेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 सालों की सामाजिक तथा राजनीतिक यात्रा के तहत सेवा संकल्प अभियान पर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर के बस स्टैंड पर बुधवार को सेवा संकल्प अभियान का कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल तथा थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्जवलन के साथ अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान मौजूद लोगों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ ली।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा ज्योति कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित किया। गोपेश्वर में भी प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी और भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनके मार्गदर्शन में केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ऑल वेदर रोड समेत बेहतर सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास से प्रदेश में आवागमन सुगम हुआ है तथा पर्यटन और तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिला है।
नौटियाल ने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
समापन मौके पर विधायक अनिल नौटियाल एवं विधायक भूपाल राम टम्टा ने सेवा ज्योति मशाल प्रज्ज्वलित की। इसके बाद राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी मोहित बिष्ट एवं रफीक अहमद के नेतृत्व में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा गोपेश्वर बस स्टैंड से शुरू होकर पुलिस मैदान तक पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस दौरान पूर्व काबिना मंत्री राजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, भेषज संघ जिलाध्यक्ष सतेंद्र असवाल, कर्णप्रयाग के पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, महिला आयोग सदस्य विजया रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष पुष्पा पासवान, भाजपा जिला प्रभारी संपत रावत, सह प्रभारी महावीर सिंह पंवार, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी व अरुण मैठाणी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी आनंद सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *