गोपेश्वर। चमोली जिले में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची में 2.76 लाख मतदाता दर्ज हो गए हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद चमोली की बदरीनाथ, थराली तथा कर्णप्रयाग विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान उपरांत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया है। अंतिम प्रकाशन के अनुसार जनपद की तीनों विधानसभा सीटों में कुल 2,76,007 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं।
उत्तराखंड में 8 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया था। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इसके तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुल 91,555 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिला एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं। थराली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में कुल 98,053 मतदाता दर्ज हुए हैं। इनमें 51,056 पुरुष एवं 46,997 महिला मतदाता शामिल हैं। कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कुल 86,399 मतदाता पंजीकृत हुए हैं। इनमें 43,672 पुरुष एवं 42,727 महिला मतदाता शामिल हैं।
सरकारी स्तर पर बताया गया कि अभियान शुरू होने से पूर्व 8 जून 2026 को जनपद में कुल 2,95,623 मतदाता पंजीकृत थे। विधानसभा क्षेत्रवार बद्रीनाथ में 98,603, थराली में 1,03,039 तथा कर्णप्रयाग में 93,981 मतदाता थे। गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन के बाद 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जनपद में 2,72,187 मतदाता शामिल रहे।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं तथा 13 अगस्त से 28 सितंबर तक इनका निस्तारण किया गया। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची में 3,820 नए मतदाता शामिल किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी ऐसे व्यक्ति, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ईसीआई नेट एप्प के माध्यम से ऑनलाइन तथा संबंधित बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए विशेष बूथ स्तरीय कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।
बीएलओ द्वारा मौजूदा मतदाता सूची का सीएच एंड एसआईआर सूची से मिलान कर ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जाएगी तथा पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों को फॉर्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी।
पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं तथा किसी कारणवश सूची में शामिल होने से छूटे पात्र व्यक्तियों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। बीएलओ द्वारा चिन्हित सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद ईआरओ स्तर से भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी। इससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का अवसर मिल सकेगा।
नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर एवं समाज के हाशिए पर रहने वाले पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे तथा बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी। अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट ूूू.अवजमत.मबप.हवअ.पद तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट ूूू.बमव.ना.हवअ.पद पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। इसके अलावा डीईओ/ईआरओ कार्यालय एवं संबंधित बीएलओ से भी मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
चमोली जिले में अब कुल मतदाता हुए 2.76 लाख
