गोपेश्वर।चमोली जिले के राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशियों का दबदबा रहा। इस बार एबीवीपी कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। नंदानगर महाविद्यालय में भी एनएसयूआई प्रत्याशी खुशी राणा समेत अन्य प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर छात्रसंघ के चुनाव में एनएसयूआई प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया। एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी किशन सिंह बत्र्वाल ने एबीवीपी के प्रत्याशी कपिल नेगी को 655 मतों से शिकस्त दी। किशन को 1114 तथा कपिल नेगी को 459 मत हासिल हुए। उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी ने सौरभ सिंह पंवार को 466 मतों से पराजित किया। आदित्य को 978 तथा सौरभ को 512 मत हासिल हुए। सचिव पद पर सोहन लाल ने पवन कुमार को 321 मतों से हराया। सोहन लाल को 936 तथा पवन कुमार को 615 मत मिले। सहसचिव पद पर तनिशा ने दिव्या को 151 मतों से पराजित किया। तनिशा को 814 तथा दिव्या को 663 मत पडे़ कोषाध्यक्ष पद पर छात्रा अपेक्षा ने बाजी मारी। अपेक्षा को 835 प्रियंका को 396 तथा आंचल मुनियाल को 283 मत हासिल हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर ललित सिंह कुंवर ने बाजी मारी। ललित को 1175 तथा प्रशांत पाटिल को 355 मत मिले। इस तरह ललित ने 820 मतों के बड़े अंतर से प्रशांत को पराजित किया। मुख्य चुनाव अधिकारी डाॅ. अनुराग शर्मा ने प्रत्याशियों की जीत की घोषणा की।
चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों तथा समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
पोखरी महाविद्यालय में आर्यन ग्रुप ने मारी बाजी
पोखरी। पीजी कॉलेज नागनाथ पोखरी के छात्र संघ चुनाव में आर्यन ग्रुप का दबदबा रहा।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी के छात्रसंघ चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप के राहुल सिंह ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के शिवम पंत को 38 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। राहुल सिंह को 176, जबकि शिवम पंत को 138 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की दिव्या ने एबीवीपी की रितिका को 74 मतों से हराया। दिव्या को 186 और रितिका को 112 मत मिले। सात मत नोटा और 14 मत अवैध पाए गए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आर्यन ग्रुप के प्रियांशु नेगी विजयी हुए। उन्हें 181 मत मिले, जबकि एबीवीपी के अखिल सिंह को 125 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के सूरज सिंह ने एबीवीपी की कोमल सिंह को 37 मतों से पराजित किया। सूरज सिंह को 170 और कोमल सिंह को 133 मत मिले। सह सचिव पद पर आर्यन ग्रुप की रोनिका ने जीत दर्ज की। रोनिका को 182, जबकि एबीवीपी की हिमांशी को 112 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर आर्यन ग्रुप की प्रियांशी ने एबीवीपी की महक को पराजित किया। प्रियांशी को 182 और महक को 110 मत मिले।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. योगेश भट्ट, मीडिया प्रभारी डॉ. केवलानंद और डॉ. प्रवीण मैठाणी ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों ने कॉलेज से पोखरी बाजार तक विजय जुलूस निकाला। इससे पहले महाविद्यालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. रीटा शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
ज्योतिर्मठ में एबीवीपी ने लहराया परचम
ज्योतिर्मठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्योतिर्मठ के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी ने परचम लहराया।
अध्यक्ष पद पर नवल किशोर, उपाध्यक्ष पद पर सायना, सचिव पद पर अनिकेत, कोषाध्यक्ष पद पर दीया व सह सचिव पद पर सिमरन ने जीत दर्ज की। एनएसयूआई के सुमित सिंह को यूआर पद पर जीत मिली। इस तरह एनएसयूआई एक मात्र यूआर की सीट ही अपनी झोली में ला सका।
गैरसैंण में एबीवीपी तथा यूएसएफ का दबदबा
गैरसैंण। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गैरसैंण में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी नरेश सिंह ने यूएसएफ प्रत्याशी निहारिका को 69 मतों से हराकर जीत दर्ज की। नरेश सिंह को 172 मत मिले, जबकि निहारिका को 103 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर भी एबीवीपी समर्थित मोहित कुमार निर्वाचित हुए। उन्हें 169 मत मिले, जबकि यूएसएफ समर्थित वंशिका को 98 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर एबीवीपी की मोनिका ने 176 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि यूएसएफ की स्नेहा को 93 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी समर्थित दीपक सिंह को 189 मत मिले, जबकि यूएसएफ समर्थित गायत्री को 80 मत प्राप्त हुए। सह-सचिव पद पर यूएसएफ समर्थित रिया तथा कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी समर्थित रश्मि पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी थीं।
कर्णप्रयाग में एनएसयूआई ने मारी बाजी
कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई का दबदबा रहा। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के सुनील सिंह ने 276 मतों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर अंकित कुमार ने मेघा को 65 मतों से शिकस्त दी। सचिव पद पर सलोनी ने आयुष को 60 मतों से पराजित किया। सह-सचिव पद पर निधि ने 36 मतों से गुनगुन को पराजित किया। हिमानी ने निधा को 37 मतों से हरा कर जीत दर्ज की। यूआर पद पर विशाल सिंह ने सुमित सिंह को 172 मतों से शिकस्त दी।
नारायणबगड़ में एनएसयूआई की जीत
नारायणबगड़। मगनलाल शाह राजकीय महाविद्यालय नारायणबगड़ में छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई ने सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के हिमांशु नेगी ने 96 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के राजवर्धन बुटोला को 20 मतों से पराजित किया। राजवर्धन बुटोला को 76 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर रिया ने 97 मत प्राप्त किया उन्होंने 24 मतों के अंतर से प्रियांशु बिष्ट को हराया। सचिव पद पर पल्लवी ने 106 मत प्राप्त किया उन्होंने संगीता को 41 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं सहसचिव पद पर करीना ने 108 मत प्राप्त किया उन्होंने रितिका को 44 मतों से हराया।
कोषाध्यक्ष पद पर ईशा ने 103 मत प्राप्त किया उन्होंने36 मतों के अंतर से अंजली को पराजित किया। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर गौरव टम्टा ने 94 मत प्राप्त किया उन्होंने भूमिका को 22 मतों से हराकर जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों और समर्थकों ने खुशी जताई। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए छात्र हितों के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। इस मौके पर निर्वाचन प्रभारी अनिल कुमार सैनी, प्राचार्य वीरेन्द्र कुमार सैनी, सुश्री मोनिका, सूरज मानी कुड़ियाल, सिमरन कोर, रजनीश सती आदि उपस्थित थे।
छात्रसंघ चुनाव: चमोली के महाविद्यालयों में एनएसयूआई का दबदबा
