पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया को मिला सैर सलीका पुरस्कार

पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया को मिला सैर सलीका पुरस्कार

गोपेश्वर। राजकीय इंटर कालेज मैठाणा के पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया सैर सलीका पुरस्कार-2026 से सम्मानित हुए।
एनएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्व विद्यालय श्रीनगर के तत्वाधान में पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर पेड़ वाले गुरूजी धन सिंह घरिया को सैर सलीका पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।
एचएनबी विश्व विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय टूरोफेस्ट-2026 के समापन अवसर पर पर्यटन, प्रकृति संरक्षण तथा जिम्मेदार पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 11 प्रतिभाओं तथा संस्थाओं को सैर सलीका पुरस्कार-2026 हासिल हुआ।
लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक और पर्यटन विभाग के केंद्र निदेशक डाॅ. राकेश ड्यूंडी, पर्यटन प्रबंधन की डीन, प्रो. रश्मि ड्यूंडी, नियुक्ति डीन, प्रो. मोहन पंवार, वित्त अधिकारी डाॅ. अजय मोहंती तथा प्रो. सर्वेश उनियाल के हाथों सभी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विदुषी निशंक का कहना था कि उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य के लिए पर्यटन केवल आर्थिकी का जरिया ही नहीं अपितु हमारी प्रकृति, संस्कृति और स्थानीक जीवन से जुड़ा दायित्व भी है। इसे जिम्मेदार और संवेदनशील पर्यटन की सोच को युवाओं तक पहुंचाना जरूरी है। वक्ताओं का कहना था कि छात्रों के साथ संवाद नई ऊर्जा प्रदान करता है। प्रकृति, संस्कृति तथा संस्कारों से जुड़े रहने, जीवन के लिए स्पष्ट और उद्देश्य पूर्ण लक्ष्य तय करने के साथ ही ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा में लगाने पर जोर देना होगा।
बताते चले की धन सिंह घरिया अध्यापन के साथ-साथ प्रकृति के संरक्षण के लिए पौध रोपण को अपना जीवन समर्पित किए हुए हैं। गोदली इंटर कालेज में रहने के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को साथ लेकर पौध रोपण के साथ संरक्षण पर जोर दिया था। अब मैठाणा में वह इस अभियान को जारी रखे हुए हैं। इसी लिए उन्हें पेड़ वाले गुरूजी के नाम से पहचान मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *