फिट इंडिया प्रोग्राम: संडे आॅन साइकिल का आयोजन

फिट इंडिया प्रोग्राम: संडे आॅन साइकिल का आयोजन

ज्योतिर्मठ। माणापास एमटीबी चैलेंज-2026 के तहत फिट इंडिया प्रोग्राम के अन्तर्गत संडे आॅन साइकिल का आयोजन किया गया।
रविवार को सीमांत क्षेत्र के लिए पहली बार भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में फिट इंडिया प्रोग्राम के अंतर्गत संडे ऑन साइकिल का यादगार एवं भव्य आयोजन किया गया। बदरीनाथ धाम की पवित्र भूमि से इस कार्यक्रम की शुरूआत की गई। भगवान बद्रीविशाल के मुख्य पुजारी रावल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रावल के आशीर्वाद के बाद साइकिल यात्रा बद्रीनाथ धाम से भारत के प्रथम गाँव माणा की ओर रवाना हुई।
बद्रीनाथ से माणा तक साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिमालय की ऊँचाइयों से फिटनेस संदेश के साथ सीमांत गाँवों तक फिट इंडिया की पहल, पर्यावरण, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी देना रहा है।
माणापास एमटीबी चैलेंज के फाउंडर अजय भट्ट ने बताया कि यह न केवल एक साइकिल कार्यक्रम रहा अपितु इससे सीमांत क्षेत्र के गाँवों में नई ऊर्जा, नई पहचान और नई पहल का संचार भी होगा। यह भविष्य मे रोजगार का भी जरिया बनेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण का आयोजन समिति की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्राधिकरण ने फिट इंडिया के संदेश को देश के अंतिम छोर तक पहुँचाने का अवसर दिया। बद्रीनाथ, माणा और आसपास के सभी सीमांत गाँवों के ग्रामीणों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रशासन, भारतीय सेना, आईटीबापी, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का आभार जताया गया।
बद्रीनाथ धाम व देश के पहले गाँव माणा मे पहली बार आयोजित साईकिल यात्रा ने पूरे देश को संदेश दिया कि साइकिल चलेगी तो स्वास्थ्य बढ़ेगा, युवा जुड़ेंगे तो सीमांत मजबूत होगा और फिट भारत का सपना हिमालय से भी आगे जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *