समाज के कमजोर लोगों को सुलभ न्याय प्रदान करना प्राथमिकता: न्यायमूर्ति तिवारी

समाज के कमजोर लोगों को सुलभ न्याय प्रदान करना प्राथमिकता: न्यायमूर्ति तिवारी

गोपेश्वर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष व न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को सुलभ न्याय प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण न्याय से वंचित न होने देने के लिए ही निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आम लोगों से अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने का आह्वान किया।

पीजी कॉलेज गोपेश्वर में बहुउद्देश्यीय विधिक जागरूकता शिविर
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वाधान में पीजी काॅलेज गोपेश्वर में आयोजित बहुद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति तिवारी ने इस तरह के शिविरों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो के लिए जरूरी बताते हुए इनका लाभ लेने पर जोर दिया। कहा कि समाज के सभी वर्गो को सुलभ व सस्ता न्याय प्रदान करने के लिए इस तरह के आयोजन से न्याय अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उनका कहना था कि विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों को कानूनों की जानकारी दी जा रही है ।
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक महरा ने छात्रों तथा आम लोगों को संविधान, विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा न्याय तक सुगम पहुंच के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कानूनी टिप्स भी दिए।
सालसा के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं अन्य विधिक सेवाओं पर रोशनी डाली।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके तहत कान की मशीन, अटल आवास, व्हीलचेयर, श्रम किट एवं महालक्ष्मी किट आदि वितरित किये गए।
इस दौरान न्यायमूर्ति तथा गणमान्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सरल एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इससे पूर्व पीजी कॉलेज गोपेश्वर एवं जीआईसी गोपेश्वर के एनसीसी कैडेट्स ने न्यायाधीशों का गर्मजोशी से स्वागत किया। न्यायाधीशों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।
इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/डीएलएसए अध्यक्ष बिंध्याचल सिंह, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौशर एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट गुंजन सिसोदिया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश समेत अन्य विभागीय अधिकारी, अधिवक्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *