बदरीनाथ परिक्रमा रन में बारिश के बीच दौड़े 54 धावक,

बदरीनाथ परिक्रमा रन में बारिश के बीच दौड़े 54 धावक,

गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में झमाझम बारिश के बीच दो दिवसीय बदरीनाथ परिक्रमा रन-2026 का समापन हो गया है। इसके तहत पुरुष वर्ग की दौड़ में भारतीय सेना, आइटीबीपी समेत विभिन्न राज्यों के 54 धावकों ने दमखम दिखाया। स्विट्जरलैंड के एक धावक ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
स्की एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित दौड़ का शुभारंभ अराइवल प्लाजा से हुआ। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बदरी विशाल के जयकारों के बीच हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। धावकों ने बदरीनाथ धाम की परिक्रमा करते हुए माणा गांव तक दौड़ लगाई और फिर अराइवल प्लाजा लौटकर दौड़ पूरी की।

कुलदीप नेगी ने 37 मिनट में पूरी की दौड़, सौरभ सिंह दूसरे और अनुज राणा तीसरे स्थान पर रहे
बारिश के बीच धावकों में उत्साह देखते ही बना। आयोजक विमलेश पंवार ने बताया कि कुलदीप नेगी ने 37 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। सौरभ सिंह दूसरे और अनुज राणा तीसरे स्थान पर रहे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ ही खेल पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। बदरीनाथ की ऊंचाई और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बारिश में हुई इस दौड़ ने प्रतिभागियों के साहस और धैर्य की भी परीक्षा ली।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा स्की एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने विजेता धावकों को पदक और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालय में इस तरह के आयोजन में प्रतिभाग कर धावकों ने दमखम दिखाया है। धावकों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका कहना था कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में अब्बल स्थान आए धावक जीवन संघर्ष में कभी पीछे नहीं रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *