गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राजस्व वसूली और लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया है। उन्होंने सुशासन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी बल दिया।
प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था, राजस्व वसूली तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम गौरव कुमार ने विभिन्न विभागों से जुडे़ मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल देते हुए न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने राजस्व प्रकरणों, भू-राजस्व एवं अन्य करों की वसूली, अभियोजन मामलों समेत विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए दोषमुक्ति एवं दोषसिद्धि दर में सुधार लाने के निर्देश दिए। अभियोजन अधिकारियों को प्रत्येक मामले की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) की नियुक्ति एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार ऑनलाइन गवाही को बढ़ावा देने पर बल दिया। कहा कि इससे न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा।
डीएम ने राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान परिवहन, खनन, खाद्य पूर्ति, आबकारी समेत अन्य विभागों की निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि राजस्व वृद्धि के लिए सभी संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करेंगे। बताया गया कि खनन विभाग द्वारा 50 करोड़ के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अगस्त माह तक 33 प्रतिशत राजस्व वसूली की जा चुकी है। आबकारी विभाग द्वारा 99 करोड़ के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 49 प्रतिशत राजस्व वसूली हो गई है।
न्यायिक एवं राजस्व कार्यों को प्राथमिकता देते हुए डीएम गौरव कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को नियमित रूप से न्यायालयों में बैठकर वादों की सुनवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने एवं नवीन लंबित राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित छापेमारी एवं प्रभावी चालानी कार्रवाई पर बल देते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत प्रवर्तन कार्यों में और तेजी लाने को कहा।
डीएम गौरव कुमार ने खाद्य आपूर्ति की समीक्षा करते हुए खाद्य पूर्ति विभाग को जनपद में नियमित एवं सुचारू खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निस्तारण पर बल देते हुए उन्होंने शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राज कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत तहसीलदार, पटल सहायक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
