गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति मेला धार्मिक परंपराओं के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
बुधवार प्रातः श्री बदरीनाथ मंदिर में भोग लगने के पश्चात गढ़वाल स्काउट के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी ने डोली में विराजमान होकर समारोहपूर्वक माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया। बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा अन्य श्रद्धालुगण कुबेर जी एवं भगवान नारायण की डोली सेवा में मुख्य रूप से शामिल रहे।
माता मूर्ति मंदिर पहुंचने श्री कुबेर जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया। दिन के भोग के बाद अपराह्न 3 बजे श्री उद्धव जी वापस श्री बदरीनाथ मंदिर लौट आए। इस अवधि में श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे। इसके साथ ही माता मूर्ति मेले का समापन हुआ।
इससे पूर्व मंगलवार देर शाम माणा के घन्याल श्री घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बदरीविशाल को माता मूर्ति मंदिर आने का न्योता दिया था। बीकेटीसी के अधीनस्थ श्री त्रियुगीनारायण मंदिर (रूद्रप्रयाग) में भी बामन द्वादशी मेला चल रहा है।
मां-पुत्रों के मिलने के प्रतीक माता मूर्ति मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब
धार्मिक परंपरा अनुसार इस बार भी भाद्रपद द्वादशी तिथि को बदरीश पंचायत से श्री बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत के सदस्यों ने भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी को डोली में ले जाकर माता मूर्ति मंदिर पहुंचाया। श्री उद्धव जी ने माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की माता जी मूर्ति देवी से मिले तथा माता मूर्ति की कुशल क्षेम पूछी। इससे पहले माणा गांव के महिला मंगल दल एवं श्रद्धालुओं द्वारा श्री उद्धव जी को जौ की हरियाली भेंट की।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उन्होंने श्री बदरीनाथ मंदिर में दर्शन किये। माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर कर दर्शन पूजा के पश्चात उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित होने वाला माता मूर्ति मेला प्राचीन धार्मिक विरासत एवं संस्कृति प्रतीक है।
इस अवसर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, बीकेटीसी के पूर्व सीईओ बीडी सिंह, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य डा. विनीत पोस्ती, रावल अमरनाथ नाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल,वाणी विलास डिमरी, अमित बंदोलिया पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी, प्रधान धमेंद्र चैहान, रघुवीर सिंह परमार, मनु रावत, राजेश मेहता, रजनीश मेहता, पीतांबर मोल्फा, वेदपाठी डा. रवीन्द्र भट्ट, प्रोटोकाॅल अधिकारी जगमोहन बत्र्वाल समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता मूर्ति मंदिर में पूजा अर्चना कर खुशहाली की मनौती मांगी। इस दौरान श्रद्धालु भगवान उद्वव की अभिषेक पूजा में भी शामिल हुए।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि माता मूर्ति मंदिर में ने पूजा-अर्चना तथा अभिषेक पूजा संपन्न की तथा हरियाली प्रसाद वितरित किया। माता मूर्ति मेले के अवसर पर आईटीबीपी, सेना एवं दानी-दाताओं की ओर से भंडारे भी आयोजित किए।
