एसपी ने माणापास बाॅर्डर पहुंचकर सुरक्षा की हकीकत परखी

गोपेश्वर। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तिब्बत सीमा से सटे माणा पास तक पहुंचकर सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा से लेकर सड़क निर्माण कार्यो की जमीनी व्यवस्थाएं परखी। उन्होंने निर्माण कार्यों में जुटे श्रमिकों के सत्यापन से लेकर देवताल में पर्यटकों की आवाजाही तक का जायजा लिया।
सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेने तथा संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य को लेकर एसपी सुरजीत सिंह पँवार ने प्रथम गांव माणा से इनर लाइन परमिट क्षेत्र माणा पास तक स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सीमांत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में लगी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्यस्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी हासिल की। बीआरओ के आॅफिसर कमाडिंग मदन कुमार से भी निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति एवं कार्यो में आ रही चुनौतियों के संबंध में चर्चा की।

श्रमिकों के सत्यापन का भी लिया जायजा
एसपी पंवार ने सड़क निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों एवं श्रमिकों के सत्यापन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी हासिल की। बाॅर्डर एरिया में लागू इनर लाइन परमिट व्यवस्था एवं सत्यापन से संबंधित नियमानुसार विधिक प्रावधानों के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। निर्माण कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर स्थानीय पुलिस एवं सेना के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं आपसी समन्वय को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी ने सेना, आईटीबीपी, बीआरओ के अधिकारियों एवं जवानों से भी मुलाकात की। सीमा क्षेत्र में संचालित गतिविधियों, आपसी सहयोग तथा आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे के साथ समन्वय स्थापित करने के बारे में भी संवाद किया गया।
भ्रमण के दौरान देवताल क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही के दृष्टिगत भी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने भविष्य में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत संभावित भ्रमण मार्ग एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। देवताल में स्थित वीरेश्वर महादेव के दर्शनों का पुण्य लाभ भी अर्जित किया।
इस दौरान निरीक्षक विनोद थपलिपाल, उपनिरीक्षक नरेन्द्र पुरी, प्रमोद खुगशाल व सतेन्द्र बुटोला तथा अन्य पुलिस कर्मी भी एसपी के भ्रमण कार्यक्रम में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *