गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में समस्याओं के निस्तारण के लिए फरियादियों ने फरियाद लगाई। डीएम ने कहा कि हर फरियाद पर सुनवाई होते ही समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देना होगा।
जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं आम लोगों ने पेयजल, आवास, शिक्षा, रोजगार, पार्किंग सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित फरियाद रखी। इस दौरान कुल 20 फरियाद सामने आई। डीएम ने हर शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम गौरव कुमार का फरियादों के त्वरित निस्तारण पर जोर
इस दौरान जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम मंडल निवासी रीना ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में अपने मायके में रह रही हैं। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी दशोली को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
देवर खडोरा निवासी बिरेंद्र सिंह ने जल जीवन मिशन से संबंधित पेयजल समस्या एवं ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद की शिकायत रखी। डीएम ने एसडीएम चमोली को मौके पर जाकर ग्रामीणों से वार्ता करते हुए पेयजल संबंधी विवाद का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गौणा के शिक्षा अभिभावक संघ के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज गौणा में दो अध्यापकों की तैनाती की मांग रखी। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि विद्यालय में दो अध्यापकों अगले दो दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण कर लेंगे।
गोपेश्वर निवासी सरोज देवी ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को उनकी रुचि एवं आवश्यकता के अनुसार रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा रोजगार सृजन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्वाड़ की प्रधान गीता देवी, गंगोलगांव निवासी बलवंत सिंह राणा, सच्चिदानंद तिवाड़ी, बंशी लाल, राजपाल, नयन सिंह कुँवर, मोहन प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों एवं फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं एवं मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।
