सेवा संकल्प अभियान में चलेगा आंगन का मिलन कार्यक्रम: रेखा

सेवा संकल्प अभियान में चलेगा आंगन का मिलन कार्यक्रम: रेखा

गोपेश्वर। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर विभाग की रीढ़ हैं। इसके चलते ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जुटी हैं।

चमोली के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रांे पर चलेगा कार्यक्रम
कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले आंगन का मिलन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए काबिना मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि चमोली के सभी विकासखंडों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन का मिलन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके तहत लाभार्थियों को पोषण, बाल विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जानी चाहिए। इससे कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आंगन का मिलन प्रदेशभर में आयोजित होने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। कार्यक्रम को जनहित से जोड़ते हुए अधिकाधिक लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।
काबिना मंत्री ने कहा कि इस समय पोषण माह भी मनाया जा रहा है। ऐसे में आंगन का मिलन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जाना चाहिए। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ मिल सकेगा। उन्होंने ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।
इस दौरान उन्होंने नगर पालिका कर्णप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। कहा कि नियमित कूड़ा उठान, प्रभावी सफाई व्यवस्था और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से कर्णप्रयाग को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने में वाहन कारगर साबित होंगे।
इस अवसर पर कर्णप्रयाग के पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी समेत तमाम अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *