जोशीमठ। ज्योतिर्मठ ब्लाॅक के लाँजी गाँव में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। भालू ने गौशाला मे घुसकर एक बैल को निवाला बना डाला।
लगातार हो रहे भालूओं के हमलों से ग्रामीणों के सामने जीवन रक्षा के साथ गुजर बसर की भी समस्या होने लगी है। खेती को जंगली जानवरों के आतंक के कारण छोड़नी पड़ रही तो दुग्ध व्यवसाय पर भालू हमला कर रहा है। लाँजी गाँव मे भालू के हमलों की घटना से परेशान ग्रामीणों ने रात्रि गश्त करने व नुकसान के मुआवजे की मांग की है। हाल ही में मुकेश सिंह भंडारी की गौशाला की छत को फाड़कर भालू ने बैल को मार डाला। पिछले साल नवंबर एवं दिसंबर माह मे लाँजी गाँव के दरमान सिंह एवं पूरण सिंह की गौशालाओं को फाड़ कर भालू ने गाय व बछिया को निवाला बनाया था। तब वन बीट अधिकारी व वन पंचायत सरपंच की मौजूदगी मे सयुंक्त जाँच भी की गई लेकिन पीड़ित ग्रामीणों को आज तक भी मुआवजा नहीं मिल सका।
इस मामले में उप प्रभागीय वनाधिकारी विकास दरमोड़ा ने बताया कि पीड़ित पशुपालक को जल्द मुआवजा दिया जाए
भालू के हमलों से न केवल ग्रामीण क्षेत्र बल्कि जोशीमठ नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों मे भालू दस्तक दे रहा है। इस कारण लोग अंधेरा होते ही घरों मे दुबकने को विवश हो रहे हैं।
