डीएम  ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनीं फरियाद

डीएम  ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनीं फरियाद

गोपेश्वर। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की फरियाद सुनीं। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में डुंग्री के प्रधान रविंद्र झिंक्वाण ने गांव के पार्किंग स्थल पर निजी कंपनी द्वारा मशीनें और वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने से मार्ग बाधित होने की शिकायत की। डीएम ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को तत्काल मामले का संज्ञान लेकर मार्ग सुचारु कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डुंग्री गांव की पेयजल लाइन के सुधारीकरण तथा कौंज-पोथनी-बेलीधार मोटर मार्ग के निर्माण कार्य की जांच और गुणवत्ता में सुधार का आग्रह किया। इस मामले में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल लाइन के सुधारीकरण तथा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य की जांच और नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
नारायणबगड़ ब्लाॅक के क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह रावत ने नारायणबगड़-परखाल और परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग रखी। उन्होंने रैगांव के समीप परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर हो रहे भूस्खलन के उपचार और सड़क चैड़ीकरण की आवश्यकता बताई। डीएम ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए।
जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने रुद्रनाथ पैदल मार्ग स्थित पनार बुग्याल में घोड़े-खच्चरों के चरान एवं चुगान पर प्रतिबंध लगाने तथा बुग्याल क्षेत्र की स्थिति का अध्ययन कराने की जरूरत पर जोर दिया। इस पर केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जनता मिलन कार्यक्रम में महावीर सिंह रावत, सारिका देवी, मनीषा देवी, सुनीता देवी, जयलाल, शशि देवी, नीता देवी और डॉ. जसवंत लाल सहित अन्य लोगों ने भी अपनी फरियाद रखी।
डीएम गौरव कुमार नेे अधिकारियों को निर्देश देते हुए जनता मिलन में प्राप्त फरियादों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि इससे आमजन को सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का समय से लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, एसीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *