पोखरी। पोखरी ब्लाॅक की लाइफलाइन कही जाने वाली पोखरी-हापला-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर सड़क किनारे उगी कंटीली और बड़ी-बड़ी झाड़ियों के कारण बढ़ रही दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सफाई अभियान तेज कर दिया है।
बताते चले कि इस सड़क मार्ग से क्षेत्र की करीब 60 ग्राम पंचायतों के लोग जिला मुख्यालय गोपेश्वर के लिए आवाजाही करते हैं। सड़क किनारे झाड़ियां इतनी बढ़ गई थीं कि कई स्थानों पर मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन तक नहीं दिखाई दे रहे थे। इससे छोटे-बड़े वाहनों के साथ ही सामान ढोने वाले ट्रको को भी आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
टैक्सी यूनियन नागपुर-पोखरी के अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, उपाध्यक्ष किशन करासी, अनुसूया सिंह बत्र्वाल, देवली सिंह नेगी, दिनेश चैधरी, उत्तम सिंह नेगी, अनिल प्रसाद किमोठी, सज्जन रड़वाल, प्रदीप राणा समेत तमाम वाहन चालकों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार से मुलाकात कर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई करवाने की मांग उठाई। वाहन चालकों की मांग पर ईई दीपक कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अवर अभियंता अमित चैधरी और संदीप सिंह को झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अवर अभियंताओं की निगरानी में मजदूरों के माध्यम से सड़क के किनारे झाड़ियों की सफाई का कार्य जोर पकड़ गया है। झाड़ियों की कटाई शुरू होने से सड़क पर दृश्यता बेहतर होने लगी है। वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार का आभार जताया है।
