गोपेश्वर। महिला पतंजलि योग समिति चमोली के तत्वावधान में नंदप्रयाग के समीप सोनला में योग शिविर का हवन-यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया है। इस दौरान योग साधकों ने हवन कुंड में आहुतियां डालकर स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
शिविर के समापन पर आयोजित हवन-यज्ञ में बड़ी संख्या में योग साधकों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान योग साधकों ने विभिन्न योगासनों और योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर योग के महत्व का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले योग साधकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि योग को केवल शिविरों तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। योग से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव को भी कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग और प्राणायाम का अभ्यास करने का आह्वान किया।
महिला पतंजलि योग समिति की राज्य सह प्रभारी लक्ष्मी शाह ने कहा कि योग शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। शिविर के दौरान योग साधकों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
इस दौरान दायित्वधारी हरक सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम सिंह नेगी, जिला प्रभारी सुषमा भंडारी, बीरा फस्र्वाण, मंजू, पूजा, देवी, मुकेश, पंकज, कुंवर, नवीन और प्रवीण समेत बड़ी संख्या में योग साधकों ने स्वस्थ जीवन के लिए योग साधना का संकल्प लिया।
हवन-यज्ञ और योग साधना के साथ शिविर संपन्न
