गोपेश्वर। बद्रीनाथ धाम में दुकानदार के खाते से साइबर ठगों ने 32 हजार रूपये उड़ा लिए। चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरी धनराशि वापस लौटा दी गई।
बदरीनाथ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक महादेव उनियाल ने बताया कि बीते 14 अगस्त बद्रीनाथ धाम में शंख एवं अन्य धार्मिक सामग्री की दुकान संचालित करने वाले शिवा राव के खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा साइबर धोखा धड़ी कर 32 हजार रूपये की धनराशि निकाल ली गई। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही शिवा राव ने थाना बद्रीनाथ पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। बद्रीनाथ पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित खातों की जानकारी जुटाकर ठगी की रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई की। संबंधित बैंक एवं कंपनियों से लगातार समन्वय एवं पत्राचार करते हुए धनराशि वापस कराने के प्रयास किए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के चलते ठगी गई पूरी 32 हजार की रकम पीड़ित को वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर शिवा राव ने बद्रीनाथ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की।
