गोपेश्वर। अधिकारियों की गैर मौजूदगी से नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने दशोली बीडीसी का बहिष्कार किया। इसके चलते अधिकारियों के मनाने पर भी पंचायत प्रतिनिधि अधिकारियों की मौजूदगी पर अड़े रहे।
चमोली स्थित दशोली ब्लाॅक सभागार में ब्लाॅक प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में बीडीसी की बैठक प्रारंभ होते ही पाणा के प्रधान राजीव पनियाल ने पर्यटन विभाग से संबंधित मामला उठाया। जिला पर्यटन अधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में विभागीय कर्मचारी की मौजूदगी के चलते वह सदन में उपयुक्त जानकारी नहीं दे पाए। इसी तरह स्यूण के प्रदान प्रकाश पंवार ने कई सालों से जूनियर हाई स्कूल के भवन की छत से पानी टपकनें का मामला उठाया। इस पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। बरसात के दौरान पानी टपकनें से छात्रों को हो रही परेशानी का निदान न होने पर पंचायत प्रतिनिधि भड़क उठे। इसी दौरान अन्य विभागों के मसले भी उठने लगे। बेमरू के प्रधान रविंद्र सिंह नेगी तथा खल्ला गांव के कमल सिंह नेगी ने भी पिछले मामलों का निस्तारण न होने और अधिकारियों की गैर मौजूदगी का मामला जोरदार ढ़ंग से उठाया। अन्य प्रधान और बीडीसी मेंबर भी अपने गांवों और इलाके के सावालों को उठा रहे थे कि अधिकारियों के गैर मौजूदगी के चलते सदन में सवालों का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिल पाया।
बैठक के दौरान ही पिछले प्रस्तावों की अनदेखी तथा सदन में अधिकारियों की गैर मौजूदगी को लेकर गुस्साए पंचायत प्रतिनिधि सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर सदन से बाहर निकल गए। जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन के बीच ब्लाॅक परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी तथा एसडीएम आरके पांडे भी पंचायत प्रतिनिधियों को मनाते रहे किन्तु उन्होंने उच्चाधिकारियों की एक न सुनी। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना था कि दशोली ब्लाॅक में नई लागू हुई बीबी राम जी योजना में भी काम नहीं हो पा रहा है। आॅनलाइन हाजिरी के चलते सभी मजदूरों की हाजिरी नहीं हो पा रही है। यहां तक कि वर्ष 2023 से अब तक मनरेगा की सामग्री अंश का भुगतान न होने से कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इसलिए सामग्री अंश का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।
इस दौरान प्रधान युद्ववीर फस्र्वाण, माहेश्वरी देवी, गीता देवी, अनिल सिंह पंवार, संतोष बिष्ट, नितिन नेगी, जीत सिंह बिष्ट, आरती देवी, सृष्टि राणा, गोदांबरी देवी, बीडीसी मेंबर नंदराम, कर्ण सिंह, पुष्पा देवी समेत तमाम प्रधान और बीडीसी मेंबर मौजूद रहे।
