गोपेश्वर। चमोली जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति (बोर्ड आॅफ डायरेक्टर) के निर्वाचन में सभी 9 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए है।
दरअसल राज्य में करीब 3 साल बाद सहकारिता के चुनाव हो रहे हैं। हालांकि इससे पूर्व डीसीडीएफ तथा भेषज सहकारी संघ के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। सबकी नजरें जिला सहकारी बैंक के निर्वाचन पर टिकी थी। अब जाकर जिला सहकारी बैंक के चुनाव की प्रक्रिया अमल में आ पाई है। चमोली जिला सहकारी बैंक की प्रबंध समिति में जनपद चमोली तथा रूद्रप्रयाग के सदस्य शामिल होते है।
मंगलवार को प्रबंध समिति के सदस्यो का नामांकन हो गया है। इसके तहत अगस्त्यमुनि एससी/एसटी रिजर्व वार्ड से देवेश लाल, ऊखीमठ महिला आरक्षित वार्ड से आरती देवी, अन्य समितियां महिला आरक्षित वार्ड से दीपा देवी व रेखा देवी, घाट अनारक्षित वार्ड से भूपेंद्र सिंह, कर्णप्रयाग महिला आरक्षित वार्ड से कांता देवी, जोशीमठ अनारक्षित वार्ड से प्रदीप सिंह, नागपुर-पोखरी वार्ड से रघुवीर सिंह, दशोली वार्ड से गजेंद्र सिंह रावत के ही नामांकन हुए है। इसके चलते किसी भी वार्ड पर अन्य उम्मीदवारों द्वारा नामजदगी के पर्चे दाखिल न होने से सभी का निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। निर्वाचन अधिकारी हिमांशु बडोला ने नामांकन दाखिल किए सदस्यों की सूची जारी की है।
इस निर्वाचन में देवाल, गैरसैंण, नाराणबगड़, थराली ब्लाॅकों से कोई भी नामंाकन नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि समितियों के डिफाॅल्टर होनें के चलते इन ब्लाॅकों को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया।
अध्यक्ष पद पर गजेंद्र रावत की ताजपोशी तय, उपाध्यक्ष पर घमासान
भाजपा की ओर से दावा किया जा रहा है कि सभी सदस्य भाजपा समर्थित ही हैं। कांग्रेस ने सहकारिता चुनाव में कही कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी इस तरह का कोई बयान नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इनमें कुछ सदस्य कांग्रेस से जुड़े तो है किन्तु चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से कही कोई सक्रियता प्रदर्शित नहीं की गई है। भाजपा की ओर से चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत का नाम तय बताया जा रहा है। इसके चलते रावत इस पद पर दोबारा ताजपोशी करने जा रहे हैं। उपाध्यक्ष पद को लेकर सदस्यों के बीच कसमकस शुरू हो गई है। इसके लिए अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार गजेंद्र रावत पर दबाव बनाया जा रहा है। इस तरह भाजपा से रावत एकमात्र दावेदारी से उनके भी अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
