कांगे्रस ने हल्द्वानी प्रकरण पर थाने में फिर दी तहरीर

गोपेश्वर। हल्द्वानी में कांगे्रस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मैदान के शुद्धिकरण का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेसियों ने एक बार फिर असामाजिक तत्वों के खिलाफ गोपेश्वर थाने में तहरीर दी है।
बताते चलें कि बीते 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कुछ लोगों ने मैदान का शुद्धिकरण किया था। इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस भड़क उठी है। यह मामला संसद में तो उठा ही अपितु कांग्रेसियों ने थानों में भी शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस पर भी कोई कार्रवाई न होने पर सोमवार को कांग्रेसियों ने गोपेश्वर थाने में असामाजिक तत्वों के खिलाफ तहरीर दी है।
तहरीर में कहा गया है कि खड़गे के अनुसूचित जाति से होने के चलते ही कुछ लोगों ने इस तरह का कदम उठाया है। इस मामले में गिरीश चंद्र पांडे समेत 15 अन्य लोगों ने संवैधानिक व्यवस्था को धत्ता बताकर यह आपराधिक षडयंत्र किया है। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सामाजिक समरसता को तार-तार किया गया है। इसलिए अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए संवैधानिक प्रावधानों का अनुपालन करने पर बल दिया है।
कांग्रेस की ओर से यह तहरीर जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, गिरीश आर्य, गोविंद सिंह सजवांण, राजेन्द्र रावत, महेंद्र नेगी, मनमोहन ओली, मदन लोहानी, विजया कंडारी, गोवर्धन टम्टा, विक्रम शाह, यमुना कुंवर तथा जमुना असवाल की ओर से दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *