पुलिस लाइन में श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्रतिष्ठापना
गोपेश्वर। रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर में श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक रीति रिवाजों के बीच संपन्न की गई। इस दौरान सभी लोगों की सुख समृद्धि की कामना की गई।
श्री राधा तथा कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। इस दौरान मन्दिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं हवन कराया । पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत पुलिस परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति देकर हवन की धार्मिक क्रियाओं का सम्पादन किया। मूर्तियों को मंदिर में प्रतिष्ठापित कर प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न कराई गई। पुलिस लाइन स्थित यह मंदिर लंबे समय से पुलिस परिवार व गोपेश्वर वासियों की आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव का केंद्र रहा है।
इस अवसर पर एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ श्री राधा-कृष्ण के चरणों में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों एवं समस्त पुलिस परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस दौरान कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेन्द्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल, गोपेश्वर थाना प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
