गोपेश्वर। आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने टीएचडीसी की टनल में पहुंचकर रेस्क्ूय आपरेशन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल मजदूरों का हालचाल भी जाना।
टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाढ़-पीपलकोटी परियोजन की टनल हादसे में लापता चल रहे मजदूरों की ढूंढ खोज के लिए लगातार सर्च आपरेशन चल रहा है। इसी सिलसिले में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक शनिवार को घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने लापता चल रहे मजदूरों के लिए चलाए जा रहे आपरेशन का जायजा लिया। टनल के भीतर चल रहे बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने रेस्क्यू टीमों तथा अधिकारियों से अब तक के हालातों की जानकारी ली।
मंत्री कौशिक ने रेस्क्यू आपरेशन में बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा उपलब्ध सभी संसाधनों तथा मशीनरी का समूचित उपयोग करने को कहा। उनका कहना था कि टनल में फंसे हर श्रमिक की जान बेहत कीमती है। इसलिए सभी सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की प्राथमिकता का हिस्सा हैं।
केबिनेट मंत्री ने टनल के भीतर जल निकासी, रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति, उपलब्ध मशीनरी एवं तकनीकी संसाधनों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जल निकासी कार्य में तेजी लाने तथा टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी का बेहतर समन्वय करते हुए रेस्क्यू अभियान को और तेजी लाने पर बल दिया।
घटना स्थल से वापस लौट कर काबिना मंत्री कौशिक ने जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचकर हादसे के घायल श्रमिकों का हालचाल जाना। उन्होंने सभी घायलों के स्वस्थ होने की कामना की। बताया कि रेस्क्यू आपरेशन लगातार जारी है। रेस्क्यू टीमों की सराहना करते हुए उनका कहना था कि सभी टीमें समर्पण भावना से आपरेशन को अंजाम दे रही है।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश समेत संबंधित अधिकारी एवं रेस्क्यू टीमों के सदस्य मौजूद रहे।
आपदा प्रबंधन मंत्री कौशिक ने रेस्क्यू आपरेशन का लिया जायजा
