जनसमस्याओं का जबावदेही के साथ होगा समाधानःडीएम

जनसमस्याओं का जबावदेही के साथ होगा समाधानःडीएम

गोपेश्वर। जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही के साथ समाधान किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं डीएम के सम्मुख रखा। जिलाधिकारी ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन, पेयजल, सड़क संपर्क एवं पुल निर्माण से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
नैथोली निवासी सुरेन्द्र सिंह रावत ने क्षेत्र में सड़क, विद्युत एवं वन विभाग से जुड़ी समस्याओं को उठाया। गांव को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। तोलमा के ग्रामीणों ने सुराईथोटा-तोलमा सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा झूला पुल की मरम्मत का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सानिया नेगी, गोविन्द राम, शुक्रू लाल, जसपाल सिंह समेत अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें रखी। जिलाधिकारी ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूपीसीएल, जल संस्थान, जल निगम, श्रम, आबकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया। कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समाधान आधारित होना चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने और जनता से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।
इस दौरान परियोजना निदेशक आनन्द सिंह, चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *