मुख्यमंत्री घोषणाओं पर सीडीओ सख्त, परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री घोषणाओं पर सीडीओ सख्त, परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

गोपेश्वर। चमोली के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं और परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शासन स्तर पर लंबित मामलों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करें, ताकि घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन हो सके।

समीक्षा बैठक में सीडीओ ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्थायित्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की डीपीआर तैयार करने से पहले चयनित स्थल का जियोलॉजिकल सर्वे और मृदा परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए। इससे भविष्य में तकनीकी या भू-गर्भीय समस्याओं से बचा जा सकेगा।

उन्होंने आवास विभाग को मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन स्थलों को भू-गर्भीय दृष्टि से अनुपयुक्त पाया गया है, उनके लिए शीघ्र नए स्थलों का चयन करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग को मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित मोटर मार्गों का सर्वेक्षण पूरा कर डीपीआर शासन को भेजने तथा स्वीकृत मार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी भूपाल सिंह चौहान ने बताया कि जनपद में 4 जुलाई 2021 से अब तक मुख्यमंत्री द्वारा कुल 166 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 101 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि शेष घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई जारी है।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *