एसपी ने हेमकुंड साहिब पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

एसपी ने हेमकुंड साहिब पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

गोपेश्वर। उच्च हिमालय में स्थित हेमकुंड साहिब-लक्ष्मण मंदिर लोकपाल यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुंड साहिब एवं घांघरिया में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रियों से फीडबैक लेते हुए पुलिस जवानों की समस्याएं सुनकर कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों की हौसला अफजाई की।
सिख धर्मावलंबियों की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हेमकुण्ड साहिब और हिंदुओं की आस्था के तीर्थ लक्ष्मण मंदिर लोकपाल की यात्रा कठिन पहाड़ी मार्गों एवं बदलते मौसम के बीच चल रही है। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार श्री हेमकुण्ड साहिब पहुँचे और यात्रा मार्ग समेत विभिन्न डेंजर जोन पर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर जनपद में सुख-समृद्धि, शांति एवं जनपदवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सदस्यों ने एसपी की जोरदार आगवानी की। इसके बाद उन्होंने पौराणिक ’श्री लोकपाल-लक्ष्मण मंदिर’ में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। मुख्य पुजारी आचार्य मनीष से मंदिर एवं यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी हासिल की।
पुलिस अधीक्षक पंवार ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।
इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक ने चैकी घांघरिया का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चैकी कार्यालय, बैरक, मैस एवं परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने चैकी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं अन्य सुरक्षा बलों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली साथ ही चैकी में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पीआरडी एवं एसडीआरएफ जवानों का सम्मेलन कर समस्याएं सुनते हुए यात्रा के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों के संबंध में जवानों से सीधे जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने चैकी घांघरिया में तैनात जवानों को उपहार भी वितरित किए गए।
इस दौरान ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चैहान ने भी एसपी से मुलाकात कर घोड़ा-खच्चरों के संचालन तथा सफाई व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। गोविंदघाट एवं घांघरिया में पवन हंस के अधिकारियों’ से भी हेली सेवा के संचालन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, गुरुद्वारा श्री हेमकुण्ड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह, चैकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हेमकुंड साहिब के कपाट 10 को बंद होंगे
सिखों के प्रमुख धाम हेमकुंड साहिब तथा हिन्दुओं के प्रसिद्ध तीर्थ लोकपाल-लक्ष्मण मंदिर के कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे।
बताते चलें कि हेमकुंड साहिब-लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनों को खोले गए थे। अब जबकि उच्च हिमालय में स्थित इन धामों में कड़ाके की ठंड़ पड़ने लगी है तो कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने एवं संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पूर्व से ही आवश्यक सुरक्षा तैयारियां करने के लिए एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने निर्देश दिए हैं।

यात्रा के दूसरे चरण में भी तीर्थ यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी
कपाट खुलने के पश्चात अब तक हेमकुंड साहिब-लोकपाल में देश विदेश के 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग की चुनौतियों को पार करते हुए श्री हेमकुण्ड साहिब पहुँचकर पवित्र गुरुद्वारे में मत्था टेक चुके हैं। इसी तरह बड़ी संख्या में हिन्दू तीर्थ यात्री भी भगवान लक्ष्मण के दर्शनों का पुण्य लाभ अर्जित कर गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *