गोपेश्वर। चमोली जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जंयती मनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत गांव-गांव में स्वच्छता अभियान, खेल कूद तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित तैयारी बैठक में 2 अक्टूबर को गांधी जंयती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णण लिया गया। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को प्रातः 8 से 9 बजे तक सभी विभागों एवं कार्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत प्रातः 9 बजे से अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर प्रभात फेरी निकालने तथा गांधी जी के जीवन, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, नशामुक्ति एवं सद्भावना जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी गांधी जयंती कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधी जी के जीवन दर्शन एवं उनके विचारों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित कराने पर जोर दिया। इस दौरान जिला एवं विकासखंड स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में वन विभाग को वन क्षेत्रों में तथा नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। खादी एवं ग्रामोद्योग से संबंधित स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने तथा गांधी जयंती के अवसर पर चरखा एवं खादी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। कहा कि गांधी जयंती के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर व्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके जीवन, सादगी एवं राष्ट्र सेवा के मूल्यों पर प्रकाश डालने तथा उनके प्रसिद्ध ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा शास्त्री की जंयती मनाने की तैयारी
