गोपेश्वर। चमोली जिले के महाविद्यालयों में 29 सितंबर को होने जा रहे मतदान को लेकर छात्र संघ की सियासत गर्म हो गई है। जोशीमठ महाविद्यालय में तो इस बार 12 छात्राएं मैदान में उतर कर भाग्य आजमा रही हैं।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद पर किशन सिंह बत्र्वाल, कपिल नेगी तथा हिमांशु रावत के बीच जोरदार मुकाबला बना हुआ है। उपाध्यक्ष पद पर आदित्य नेगी, सौरभ पंवार, रोहित सिंह तथा अभिषेक कुमार के बीच मुकाबला चल रहा है। सचिव पद पर सोहन लाल तथा पवन कुमार के बीच सीधा मुकाबला हो रहा है। सहसचिव पद पर दिया, तनिषा तथा दिव्या के बीच मुकाबला रोचक बना हुआ है। कोषाध्यक्ष पद पर अपेक्षा, प्रियांका, दिया रावत तथा आंचल मुनियाल के बीच जबरदस्त मुकाबला चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए प्रशांत पाटिल, ललित सिंह तथा शुभम सिंह के बीच मुकाबला बना है।
इस तरह छात्र संघ चुनाव को लेकर एनएसयूआई तथा एबीवीपी के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला जोरदार बना हुआ है। निर्दलीय प्रत्याशी भी मुकाबले में बने हुए हैं। दावेदारों ने जीत के लिए पूरी विसात विछा दी है। इसके चलते 29 सितंबर को होने जा रहे मतदान को लेकर प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों ने छात्रों को अपने-अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए कोई कोरकसर नहीं छोड़ी है।
जोशीमठ में 12 छात्राएं चुनावी मैदान में
राजकीय स्नातकोत्तर जोशमठ में छात्रसंघ के लिए होने जा रहे चुनाव के लिए 12 छात्राओं ने नामांकन किया। हालाकि कुल 18 प्रत्याशियों ने ही नामजदगी के पर्चे भरे। इसके बावजूद एक दर्जन छात्राओं के मैदान में उतरने से मुकाबला काफी रोचक और दिलचस्प बन गया है।
अघ्यक्ष पद पर अनीषा, नवल किशोर तथा विशाल भारती के बीच मुकाबला होने जा रहा है। उपाध्यक्ष पद पर अनुराधा, शिखा डिमरी और सायना के बीच मुकाबला चल रहा है। सचिव पद पर अनिकेत, भूमिका और शुभम मैदान में रह कर चुनाव को दिलचस्प बना रहे है। सहसचिव पद पर मिनाक्षी, रितिक्षा तथा सिमरन मैदान हैं। कोषाध्यक्ष पद पर खुशी और दिव्या के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर ज्योति, रिया, रिशांत डिमरी तथा सुमित सिंह के बीच मुकाबला होगा।
इस तरह 12 छात्राओं के मैदान में कूद पड़ने से महाविद्यालय की सियासत दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। अब छात्राएं किस कदर छात्र संघ के पदों पर काबिज होती हैं। इस पर सबकी नजरें टिक गई हैं।
