गोपेश्वर। उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा प्रथम एवं द्वितीय (यूटीईटी-1 एंड 2) परीक्षा का आयोजन आगामी 29 सितंबर को दो पालियों में होगा। इसके तहत परीक्षा की प्रथम पाली प्रातः 10 से 12.30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न
2 से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि जनपद चमोली में परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा केंद्रों की सीमांतर्गत केंद्र व्यवस्थापकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-15 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ‘विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट’ के रूप में दायित्व सौंपे गए हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्रों की निर्धारित सीमा के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों एवं दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने संबंधित परगना के उप जिला मजिस्ट्रेट को भी परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
