गौचर मेले को भव्य रूप में संचालित करने की तैयारियां शुरू

गोपेश्वर। आगामी 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी मेले को भव्य रूप से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी/मेलाध्यक्ष गौरव कुमार की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से हुई पहली बैठक में अधिकारियों को मेले से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा गया। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सर्वमान्य सुझावों को आयोजन की व्यवस्थाओं में शामिल करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कर्णप्रयाग के एसडीएम/मेलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल ने पिछले गौचर मेले की व्यवस्थाओं एवं आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान गौचर के पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सभासद समेत मेला समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं संबंधित लोगों ने मेले को और अधिक आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए सुझाव दिए।
व्यापार संघ की ओर से मुख्य मेला मंच के आसपास के क्षेत्र को खुला एवं व्यवस्थित रखने, स्थानीय दुकानदारों के लिए दुकानों की दरों में रियायत देने, सांस्कृतिक संध्याओं को और अधिक व्यापक बनाने तथा स्थानीय कलाकारों को विशेष अवसर देने का सुझाव दिया गया। पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने, मेले में सीसीटीवी निगरानी, स्वागत समिति के गठन तथा विभागीय गोष्ठियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई।
एडीएम विवेक प्रकाश ने मेले के अवसर पर स्मारिका प्रकाशन, महिलाओं को खास तौर पर सम्मानित करने तथा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए रोजगार मेले के आयोजन का सुझाव दिया। उद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से युवाओं को रोजगार, उद्यमिता एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी बैठक में जोर दिया गया।
डीएम गौरव कुमार ने कहा कि गौचर मेला जनपद की औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं स्थानीय विरासत को व्यापक मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि मेले में युवाओं एवं महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता तथा स्थानीय उत्पादों से जोड़ने के लिए प्रभावी गतिविधियां आयोजित करने पर बल दिया।
मेले के लिए समय से ले-आउट प्लान तैयार करने, पार्किंग, शौचालय, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश डीएम की ओरे से दिए गए। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व मैदान के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण कराया जाए। सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सुरक्षा ऑडिट कराने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *