हिमाच्छादित 25 गांवों में स्व-गणना का जोरदार आगाज

हिमाच्छादित 25 गांवों में स्व-गणना का जोरदार आगाज

गोपेश्वर। चमोली जिले के 25 हिमाच्छादित गांवो में स्व-गणना का जोरदार आगाज हो गया है। इसके चलते लोगों को घर बैठे जनगणना की जानकारी भी मिल रही है। स्व-गणना की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
जनगणना-2027 के तहत हिमाच्छादित एवं दुर्गम राजस्व ग्रामों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनपद की दो तहसीलों के अंतर्गत आने वाले 25 हिमाच्छादित राजस्व ग्रामों में निवासरत नागरिकों की स्व-गणना का आगाज हो गया है। यह अभियान 31 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद एक से 30 सितंबर तक 25 प्रगणक एवं 7 सुपरवाइजर इन गांवों में घर-घर जाकर मैपिंग एवं जनगणना संबंधी कार्य पूरा करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि स्व-गणना के इस चरण में ज्योतिर्मठ तहसील के माणा, खिरों, भ्यूंडार, तोलमा, बम्पा, गमसाली, नीती, गुरगुटी, मेहरगाँव, मलारी, कैलाशपुर, रेवाली चक कुरकुटी, फरकियागाँव, कोसा, जेलम, जुम्मा, लमतोली, कागा लगा द्रोणागिरी, गरपक, द्रोणागिरी, ओथ, हनुमानचट्टी बेनाकुली तथा बदरीनाथपुरी शामिल हैं। चमोली तहसील के अंतर्गत रुद्रनाथ एवं पांगरवासा राजस्व ग्रामों स्व-गणना का कार्यक्रम चलेगा।
डीएम ने बताया कि इन गांवों के नागरिक स्व-गणना पोर्टल ीजजचेरूध्ध्ेम-ेदवूइवनदक.बमदेने.हवअ.पद के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर जाकर लगभग 40 आसान प्रश्नों की जानकारी स्वयं दर्ज करनी होगी। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त कोड नंबर को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। आगामी एक से 30 सितंबर के बीच जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे, तब यह कोड नंबर प्रगणक को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे जनगणना प्रक्रिया को सुगम एवं त्वरित रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।
बताते चलें कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं मकानों की स्व-गणना की प्रक्रिया 10 से 24 अप्रैल तक संचालित की गई थी। इसके बाद 25 से 24 मई तक प्रगणकों द्वारा हाउस लिस्टिंग का कार्य किया गया। जनपद चमोली में इस चरण के लिए कुल 1,469 जनगणना ब्लॉक बनाए गए थे। इनमें 814 प्रगणक, 145 सुपरवाइजर एवं 24 चार्ज अधिकारियों ने शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया।
डीईओ/डीएम गौरव कुमार ने जनपद के हिमाच्छादित एवं दुर्गम गांवों के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना-2027 की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना अवश्य पूरी करें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना कार्य को अधिक सरल, सुगम और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *