गौचर में पुलिस ने चोरी के अभियुक्त को धर दबोचा

गौचर में पुलिस ने चोरी के अभियुक्त को धर दबोचा

गोपेश्वर। गौचर पुलिस ने जेवरात चोरी मामले में अभियुक्त को धर दबोच लिया है।
बताते चले कि गुरूवार को गौचर के सत्यपाल सिंह चैधरी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर दी थी कि वह उपचार के लिए देहरादून गये थे। वापस गौचर अपने घर पहुंचे तो देखा कि अज्ञात चोर द्वारा घर का ताला तोड़कर उनके नाती के 2 जोड़ी चांदी के कंगन, 2 जोड़ी चांदी की पायल, एक सूटकेस एवं एक जैकेट चोरी का पता चला। चोर द्वारा घर की अलमारियों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया था।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने घटना को गम्भीरता से लेते हुए तत्काल कोतवाली कर्णप्रयाग को चोरी के खुलासे के निर्देश दिए। इस पर कर्णप्रयाग कोतवाली में मामला दर्ज करते हुए कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। इस दौरान 14-15 अगस्त की रात्रि लगभग 11 बजे से 4 बजे के मध्य एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रिफ चैक से वादी के घर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदिग्ध की फोटो एवं वीडियो फुटेज के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्ध की तलाश में लगातार सुरागरसी एवं पतारसी की। इसके चलते पुलिस ने शुक्रवार प्रातः गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के आगे स्थित प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ एवं तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी किया गया 2 जोड़ी चांदी के कंगन, 2 जोड़ी चांदी की पायल, एक सूटकेस एवं एक जैकेट बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने गौचर स्थित उक्त घर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ओर से बताया गया कि प्राथमिक जांच में यह भी प्रकाश में आया कि गिरफ्तार अभियुक्त चोरी की घटनाओं का अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग एवं चमोली के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य धाराओं में कई अभियोग पूर्व से पंजीकृत हैं। अभियुक्त उमेद सिंह भंडारी कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र के कंडारा गांव का निवासी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *