गोपेश्वर। पौडी जिले के दिव्यांग अनुराग रावत ने नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में हुनर का प्रदर्शन कर दिव्यांगता को भी चुनौती दी है।
नीती घाटी में नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में पौडी जिले के निवासी अनुराग रावत ने सेरेब्रल पाल्सी जैसी दिव्यांगता को चुनौती देते हुए 1 घंटा 45 मिनट में 10 किमी की दौड़ पूरी कर अपने हुनर को लौहा मनवाया। अनुराग ने साफ संदेश दिया कि मजबूत इच्छा शक्ति और दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी चुनौती बडी नहीं होती। अल्ट्रा रन के दौरान नीती घाटी के ऊंचे पहाड़, कठिन रास्ते और सीमित आक्सीजन भी अनुराग की राह में बाधा नहीं बने। अनुराग की इस उपलब्धि ने यह भी संदेश दिया है कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती। साहस, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक सोच से हर मुकाम को हासिल किया जा सकता है। कहा जा सकता है कि नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में उनका प्रदर्शन केवल एक दौड नहीं अपितु जीवन की चुनौतियों से संघर्ष से आगे बढ़ने के लिए एक मिशाल भी है। अनुराग इससे पूर्व कई प्रतियोगिताओं में अपने हुनर का प्रदर्शन कर चुके है। कहा कि सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती है। यदि संकल्प मजबूत हो तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है। इस तरह अनुराग का यह प्रदर्शन सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायी बन गया है।
