पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मिलेगी मजबूतीःडीएम

पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मिलेगी मजबूतीःडीएम

गोपेश्वर। विश्व पर्यावरण दिवस पर चमोली जिले के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण को स्वच्छत व सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया। जिला मुख्यालय गोपेश्वर के घिंघराण रोड़ स्थित वन पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
डीएम गौरव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपराओं और जीवन शैली का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1972 के स्टॉकहोम सम्मेलन से पहले भी भारतीय सभ्यता में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। हमारे पूर्वजों ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को जीवन का आधार माना तथा प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर विकास की अवधारणा को अपनाया।
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम ‘इंस्पायर्ड बाय नेचर, फॉर क्लाइमेट, फॉर आवर फ्यूचर’ का उल्लेख करते हुए डीएम ने कहा कि मौजूदा दौर में जलवायु परिवर्तन वैश्विक चुनौती बन चुका है। ऐसे में प्रकृति से प्रेरणा लेकर विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना होगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वन केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि यह समाज की साझा धरोहर हैं। जंगल हमें स्वच्छ वायु, जल स्रोतों का संरक्षण, जैव विविधता और आजीविका के अनेक साधन उपलब्ध कराते हैं। इसलिए इनके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। वक्ताओं ने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर वनाग्नि नियंत्रण के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले फायर वॉचर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
इस दौरान केदारनाथ वन प्रभाग की ओर से वनाग्नि रोकथाम एवं जनजागरूकता पर आधारित लघु फिल्म बड़ागं का विमोचन भी किया गया। सभी ने फिल्म को वनाग्नि के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, वन संरक्षक नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व पंकज कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग प्रियंका सुंडली, प्रभागीय वनाधिकारी बदरीनाथ-केदारनाथ वन प्रभाग सर्वेश कुमार दुबे, वन पंचायत सरपंच गोपेश्वर सुनीता भट्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष विजया बिष्ट, सुशीला सेमवाल, चंद्रकला बिष्ट समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *